UP Board Exam 2025: उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी 2025 से शुरू होकर 12 मार्च 2025 तक चलेंगी। ये परीक्षाएं कुल 12 कार्य दिवसों में पूरी कराई जाएंगी। लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही यूपी बोर्ड ने एक अहम बदलाव किया है।
UP Board Exam 2025 | प्रयागराज में 24 फरवरी की परीक्षा स्थगित
यूपी बोर्ड ने प्रयागराज में होने वाली 24 फरवरी की परीक्षा स्थगित कर दी है। यह बदलाव महाकुंभ के आयोजन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इस फैसले की जानकारी यूपी बोर्ड ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर दी।
अब 9 मार्च को होगी परीक्षा
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रयागराज में 24 फरवरी को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा अब 9 मार्च को होगी। हालांकि, बाकी जिलों में परीक्षा अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही होगी और कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कौन-कौन से पेपर स्थगित हुए?
24 फरवरी को 10वीं कक्षा के हिंदी प्रारंभिक और हेल्थकेयर विषय की परीक्षा थी। वहीं, 12वीं कक्षा के लिए सैन्य विज्ञान, हिंदी और सामान्य हिंदी की परीक्षा होनी थी। ये परीक्षाएं दो शिफ्ट में आयोजित की जानी थीं।
- पहली शिफ्ट: सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक
- दूसरी शिफ्ट: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
अब ये परीक्षाएं प्रयागराज में 9 मार्च को होंगी, जबकि अन्य जिलों में अपने तय समय पर ही आयोजित की जाएंगी।
इस साल कितने छात्र देंगे परीक्षा?
इस बार यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में कुल 54,38,597 छात्र शामिल होंगे।
- हाईस्कूल (10वीं): 27,40,151 छात्र
- इंटरमीडिएट (12वीं): 26,98,446 छात्र
पिछले साल 2024 में, यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से 9 मार्च तक चली थीं। इस साल परीक्षा शेड्यूल में थोड़ा बदलाव किया गया है, लेकिन बाकी प्रक्रियाएं पहले जैसी ही रहेंगी।